×
No icon

भाजपा विस्तृत जिला कार्यकारिणी बैठक का हुआ आयोजन।

विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कसरत शुरू कर दी है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने विस्तृत जिला कार्यकारिणी बैठक का आयोजन पटेल वाटिका नूंह में किया। 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में इस आयोजन में शामिल हुए। पूर्व विधायक एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन, जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद, जिला भाजपा प्रभारी समय सिंह भाटी, जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल सहित भारतीय जनता पार्टी के अधिकतर नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इसमें शिरकत की।

मुख्य अतिथि जीएल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जब सरकार थी तो तीनों विधायक कांग्रेस को ही आपने दिए थे। इससे पहले भी परिस्थितियां भी कुछ ऐसे ही थी। कुछ साथी यहां जरूर थे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को यहां अपेक्षा है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार होते हुए क्षेत्रवाद भाई भतीजावाद और पूरा जातिवाद था, लेकिन भाजपा की सरकार चाहे मनोहर लाल जी के नेतृत्व में हो, चाहे नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हो। हमारी सरकार ने हरियाणा का समान विकास किया। उन्होंने कहा कि मेवात में एक भी सीट नहीं देने के बावजूद हरियाणा की सरकार ने बिना किसी भेदभाव के काम किया।

भाजपा जिला प्रभारी समय सिंह भाटी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अब विधानसभा के चुनाव नजदीक हैं और उसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। पार्टी ने भले ही हरियाणा भाजपा प्रभारी मुख्यमंत्री और अब नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। इससे पार्टी में ताकत आएगी और बेहतर नतीजे सामने आएंगे। पूर्व विधायक एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक चौधरी जाकिर हुसैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुस्लिम हितैषी है। उन्होंने सभी धर्म व समुदाय के लोगों के लिए काम किया है। केंद्र व राज्य की सरकार ने मुसलमानों के कल्याण के लिए बहुत सारी योजनाएं चलाई हैं। मेवात में भी सरकार ने विकास किया है। उन्होंने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली विधायक को मुबारकबाद देते हुए पार्टी का अच्छा फैसला बताया।
 जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि नूंह में विधानसभा में कमल नहीं खिल पाया था, लेकिन उसके बाद नगर पालिका, नगर परिषद, जिला परिषद तथा पंचायत समिति चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि इस बार तीनों विधानसभा सीटों पर बीजेपी कमल खिलाने का काम करेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों की भी जमकर सराहना की।

खास बात यह रही की विस्तृत जिला कार्यकारिणी की बैठक भीषण गर्मी के बावजूद हुई। जिससे भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता पसीने में तर - बतर दिखाई दिए।

 

Comment As:

Comment (0)