×
No icon

हरियाणा कांग्रेस की दिग्गज किरण चौधरी का बड़ा बयान 

केजरीवाल व सोरेन की गिरफ़्तारी पर बोली किरण चौधरी 

केजरीवाल के साथ जो हुआ वो ग़लत हुआ- किरण 

प्रजातंत्र ख़तरे में, चुनाव के समय हो रही है दबाव की राजनीति ।

कोई ये मत समझे कि वो बहुत उंचे ओहदे पर है तो कोई उसे छू नहीं सकता- किरण 
जनता का ग़ुस्सा फूटता है तो बड़े बड़े तख़्त पलट जाते हैं- किरण 


भिवानी। कांग्रेस की दिग्गज नेत्री किरण चौधरी ने अपने पति स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह को याद करते हुए भाजपा सरकार पर करारे कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि आज प्रजातंत्र ख़तरे में हैं। साथ ही चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई अपने आप को बहुत उंचा ना समझे, जनता तख्ता पलट करते देर नहीं लगाती। 

आज से ठीक 19 साल पहले यूपी में हुए हैलिकॉप्टर हादसे में हरियाणा के तत्कालीन मंत्री सुरेंद्र सिंह व ओपी जिंदल का निधन हो गया था। सुरेन्द्र सिंह उस समय हरियाणा कांग्रेस सरकार में कृषि मंत्री हुआ करते थे। आज पूर्व मंत्री व कांग्रेस की दिग्गज नेत्री किरण चौधरी ने अपने पति स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र को याद किया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। 

इस दौरान किरण चौधरी ने अपने पति को याद करते हुए कहा कि सुरेंद्र सिंह बहुत जल्दी चले गए। सुरेन्द्र सिंह अपने पिता बंसीलाल के सारथी थे और उनके जैसी शख़्सियत बहुत कम होते हैं। उनके जाने से उनकी व उनके चाहने वालों की क़िस्मत ही फूट गई। किरण ने कहा कि सुरेंद्र सिंह के इस दुनिया से जाने के बाद मैं और श्रुति चौधरी बंसीलाल जी व सुरेंद्र सिंह का नाम उपर रखने और अपने इलाक़े के विकास के संघर्ष व लोगो के हक़ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही हैं। 

वहीं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकट बंटने में देरी और भाजपा द्वारा कांग्रेस की टिकट एक दूसरे पर थोपने के आरोपों पर किरण चौधरी ने कहा कि हरियाणा में सातवें चरण में चुनाव है। अभी टिकट वितरण की जल्दी नहीं। वहीं नवीन जिंदल के कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पर साथ ही कहा कि ये सब बोलना ज़रूरी नहीं, लेकिन सब जानते हैं हालातों क्या हैं। बेरोज़गार युवा, किसान व महिला सब परेशान हैं। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा के पास झूठ व जुमलों के अलावा कुछ नहीं। 


 केजरीवाल की गिरफ़्तारी को किरण ने ग़लत बताया और कहा कि चुनाव के समय दबाव की राजनीति की जा रही है। जिससे प्रजातंत्र ख़तरे में है। वहीं किरण चौधरी ने इशारों ही इशारों में बड़ी बात कही। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई अपने आप को ये ना समझे कि वो बहुत उंचे ओहदे पर है और उसे कोई छू नहीं सकता। लेकिन जब जनता मन बनाती है और ग़ुस्से में होती है तो बड़े बड़े तख़्त पलट देती है। 


अपने पति स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह को याद कर भाजपा सरकार पर गरजी किरण चौधरी नेताओं के दल बदल, भिवानी महेन्द्रगढ़ सीट से कांग्रेस की टिकट कब और किसे मिलने व भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह के दावों पर कुछ ख़ास नहीं बोली। जो इशारा है कि अब किरण बेबाक़ होने की बजाय फूंक फूंक कर कदम रख रही हैं। 

 

Comment As:

Comment (0)